रिपोर्ट- पुनीत शुक्ला हरदोई

हरदोई में सावन के महीने में गंगाजल अर्पित कर लौट रहे तीन दोस्तों की आस्था की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई।अरवल थाना क्षेत्र के कुसुमखोर गंगा घाट पर सोमवार को स्नान के दौरान गंगा की तेज धारा में तीनों युवक बहने लगे। घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो युवक तेज बहाव में लापता हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश जारी है।
अरवल थाना क्षेत्र के चौसार गांव निवासी नारद (20) पुत्र गोविंद, ऋषि (15) पुत्र छदामे और शिवम (21) पुत्र सुनील सोमवार को कन्नौज के गौरी शंकर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने गए थे। दर्शन-पूजन के बाद लौटते समय तीनों कुसुमखोर गंगा घाट पर स्नान करने लगे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और तीनों गहरे पानी में चले गए। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव शुरू किया और शिवम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन नारद और ऋषि देखते ही देखते गंगा की धारा में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सवायजपुर के एसडीएम अंकित तिवारी, थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राजेश कुमार पटेल, फायर इंस्पेक्टर चौहान गौतम तथा पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, दोनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने गंगा के तेज बहाव वाले स्थानों पर स्नान करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की
