रिपोर्ट- पुनीत शुक्ला हरदोई

हरदोई शहर के मोहल्ला न्यू पोहकर पुरवा में 8-9 अगस्त की रात चोरों ने एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पार कर दिए। वारदात के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली देहात में तैनात आरक्षी मनोज सिंह और नीलेश अहिरवार द्वारा रात्रि में प्रभावी ढंग से ड्यूटी और गश्त नहीं की गई। इसी दौरान थाना क्षेत्र में चोरी की घटना घटित होना पाया गया। दोनों आरक्षियों की लापरवाही को उनके कर्तव्यों और दायित्वों के प्रति घोर उदासीनता मानते हुए एसपी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
एसपी की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि अपराध रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी। जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ड्यूटी में शिथिलता या उदासीनता सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
![]()
