धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज, 22 अगस्त। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डूडा एवं नगरीय निकायों के कार्यों तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में लक्ष्य के सापेक्ष कम आवेदन पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिदिन सिसवा नगर पालिका में 100, नौतनवा एवं महराजगंज नगर पालिका में 50-50 तथा सभी नगर पंचायतों में 25-25 आवेदन कराए जाएं। पीओ डूडा को स्वनिधि पोर्टल पर लक्ष्य और पूर्ति की सूचना नियमित रूप से अपलोड कराने तथा रैंकिंग में सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0, मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और वैश्विक नगरोदय सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की। पीएम आवास योजना-शहरी 1.0 के ऐसे चयनित लाभार्थियों, जिन्हें प्रथम किस्त मिलने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए वसूली के लिए आरसी जारी कराने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 में किसी भी स्थिति में अपात्र व्यक्ति का चयन नहीं होना चाहिए। लाभार्थियों की जांच के बाद ही प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों से योजनावार और निकायवार अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आगामी बैठक में आवंटन एवं व्यय की सही और अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही ग्रांट रजिस्टर एवं संपत्ति रजिस्टर को अद्यतन रखने तथा एक सप्ताह के भीतर सभी योजनाओं के स्थलीय निरीक्षण की फोटोयुक्त आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने वर्तमान वर्ष की योजनाओं के साथ-साथ पिछले वर्षों की अपूर्ण योजनाओं और निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा। नगरीय निकायों में निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार, एलडीएम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, पीओ डूडा सहित सभी अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
