अंबिकापुर / सरगुजा।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर मोहल्ले में 10 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक जोड़े के घर में सनसनी फैल गई। जहाँ प्रेमी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, वहीं प्रेमिका महिमा सिदार 26 वर्ष ने भी खुद की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान –
जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान मोहन पैकरा, पिता स्व. रामसाय पैकरा, उम्र 28 वर्ष, निवासी दरिमा के रूप में हुई है। मोहन पिछले 10 सालों से सुभाषनगर में अपनी प्रेमिका के साथ किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और परिवार की मर्जी के बिना दोनों साथ रह रहे थे।
क्या है पूरा मामला –
स्थानीय लोगों के अनुसार आज सुबह जब घर से कोई हलचल नहीं दिखी तो पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद लोगों ने अंदर झांक कर देखा तो युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था और युवती खून से लथपथ थी।
तत्काल इसकी सूचना गांधीनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देखा कि मोहन पैकरा की मौत हो चुकी थी, जबकि उसकी प्रेमिका ने नस काट ली थी और उसकी हालत गंभीर थी।
पुलिस ने तुरंत 108 की मदद से घायल युवती को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी –
गांधीनगर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। घटनास्थल से कुछ दवाइयां और अन्य सामान भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पड़ोसियों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, लेकिन इस हद तक कुछ होगा इसका अंदाजा किसी को नहीं था।
पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। यह आत्महत्या है या हत्या, या फिर कोई और वजह है, इसकी हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रेमिका के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा।फिलहाल गांधीनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट –देवेंद्र मरकाम
MD NEWS ब्यूरो चीफ, सरगुजा (छत्तीसगढ़)
मो. 7879009598
![]()
