बहु आयामी समाचार एमडी न्यूज़ वॉइस ब्यूरो चीफ लखनऊ मंडल मोहम्मद आमिर 27 अगस्त
लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट का माल, नगदी, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहम्मदी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी और क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदी के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर शंकरपुर राजा जाने वाले मोड़ से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में रोहित गौतम, नितिन गौतम और लूट का माल खरीदने वाला लक्ष्मण गुप्ता शामिल है।
रोहित गौतम और नितिन गौतम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और 7 हजार 800 रुपये नगद बरामद किए गए।
वहीं लूट का माल खरीदने के आरोपी लक्ष्मण गुप्ता के कब्जे से पीली धातु का एक कान का कुंडल और एक कान का झाला बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामचन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक मेराज अहमद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
