आगरा। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में जयपुर हाईवे पर बुधवार सुबह एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया। बनखंडी महादेव मंदिर के समीप घेराबंदी कर टीम ने टाटा ट्रक से मारुति स्विफ्ट कार में गांजे की खेप ट्रांसफर कर रहे चार तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

तलाशी के दौरान ट्रक में लदी 24 टन रबड़ की बोरियों के बीच छिपाकर रखे गए 40 किलोग्राम वजन के आठ पैकेट गांजा बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी ट्रक चालक नरेंद्र कुमार, जयपुर निवासी आकाश सांसी, अलवर निवासी अनिल कुमार और आगरा निवासी इरफान सलमानी उर्फ हनी के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से गांजे के अलावा 24 टन रबड़ से लदा टाटा ट्रक, मारुति स्विफ्ट कार, चार मोबाइल फोन और 13,340 रुपये नकद बरामद किए हैं।

आंध्र प्रदेश से पंजाब जा रही थी खेप

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा आंध्र प्रदेश के शिव रेड्डी क्षेत्र से रबड़ की बोरियों की आड़ में पंजाब ले जाया जा रहा था। इस दौरान गांजे की खेप का एक हिस्सा आगरा में जकरिया उर्फ जाका और उसके साथियों को स्विफ्ट कार के जरिए सौंपा जाना था।

फरार आरोपियों की पहचान जकरिया उर्फ जाका, मन्नू और अजमत खान के रूप में हुई है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *