रामपुर। रामपुर के सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने नरपत नगर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित ‘नदवी जन सेवा केंद्र’ एवं उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मिनी शाखा (सीएसपी) का फीता काटकर उद्घाटन किया।

उद्घाटन अवसर पर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग एवं डिजिटल सुविधाओं का विस्तार होने से किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को काफी लाभ मिलेगा। अब ग्रामीणों को बैंकिंग से जुड़ी अनेक सेवाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके बाद सांसद नरपत नगर स्थित तीन पेड़ों की दरगाह के पास आयोजित राष्ट्रीय एकता विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। नशा मुक्त अभियान के तहत आयोजित दंगल में देश-विदेश से आए पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। सांसद ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि खेल भाईचारे और तहजीब का प्रतीक हैं। कुश्ती हमारी मिट्टी से जुड़ा पारंपरिक खेल है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मन और मस्तिष्क को अनुशासित करता है। युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जब युवा अखाड़ों और खेल मैदानों में पसीना बहाएंगे तो नशे जैसी बुराइयों से स्वयं दूर रहेंगे। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा खेल और देश की प्रगति में लगाने की अपील की।

दौरे के दौरान सांसद को रामपुर शहर काजी एवं खतीब जामा मस्जिद मौलाना सैयद खुशनूद मियां के भतीजे तथा मौलाना सैयद मोहम्मद अली (शरीफ मियां) के सुपुत्र हाफिज एवं कारी मौलवी सैयद अली हम्माद के आकस्मिक इंतकाल की दुखद सूचना मिली। सांसद ने क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ शोक संवेदना व्यक्त की और मरहूम की नमाज-ए-जनाजा में शामिल होकर दुआ-ए-मगफिरत की।

इस अवसर पर एडवोकेट महबूब पाशा, सुरेंद्र सागर पूर्व प्रदेश मंत्री, केंद्र प्रभारी साजिद नदवी, मौलाना खालिद, अली अहमद उर्फ नन्ने मास्टर, मास्टर अतीक फरीदी, मौलाना आलिम उर्फ बालम, भूरा सिंह, राशिद, आशिक राजा, अली पाशा, हाफिज रफी नूरी, नासिर शेख, डॉ. उवेश खान, जमील सैफी, जुबेर अहमद, डॉ. मकतूब मुन्ना, रियाज पाशा, इंतजार अली, धर्मेंद्र यादव, बदन सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *