तहसील परिसर में अचानक लगी आग, भूलेख अनुभाग के उपकरण जले
सीतापुर के आदर्श तहसील महोली परिसर में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कमरा नंबर दो में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से भूलेख अनुभाग में रखा लैपटॉप, प्रिंटर, सीपीयू समेत कई इलेक्ट्रिक उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार तहसील के कमरा नंबर एक और दो में भूलेख अनुभाग संचालित होता है। यहां किसानों को खसरा, खतौनी और अंश भाग की छायाप्रतियां सरकारी शुल्क पर उपलब्ध कराई जाती हैं।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे कमरा नंबर दो से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। तहसील कर्मचारियों की नजर धुएं पर पड़ते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कमरे का ताला खुलवाया तो अंदर इलेक्ट्रिक उपकरण जलते हुए मिले।
कमरे में आग लगी देखकर तहसील कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में मदद की। भूलेख अनुभाग के दोनों कमरों में धुआं भर जाने से कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तहसील कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने फायर ब्रिगेड सिलेंडरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान तहसील परिसर में रखे चार बड़े और तीन छोटे अग्निशमन सिलेंडर खाली हो गए।
आग लगने की सूचना 112 पुलिस और कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फॉरेंसिक टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आग से क्षतिग्रस्त इलेक्ट्रिक उपकरणों और घटनास्थल से जुड़े जले हुए साक्ष्य एकत्र किए। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
एसडीएम शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। आग की घटना में भूलेख अनुभाग में रखा लैपटॉप, सीपीयू, प्रिंटर समेत अन्य इलेक्ट्रिक उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हुए हैं। मामले की जांच-पड़ताल जारी है।

