कल्याणी नदी में घास-फूस फंसने से रुका पानी, ग्रामीणों के घरों में घुसा; ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा
रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा एमडी न्यूज़
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कल्याणी नदी के पुल के नीचे घास-फूस व जलकुंभी जमा होने से पानी का बहाव बाधित हो गया। पानी निकासी का रास्ता बंद होने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया और रेलवे क्रॉसिंग के पास नीचे बने कई ग्रामीणों के घरों में पानी प्रवेश कर गया। इससे लोगों को काफी परेशानी और संकट का सामना करना पड़ा।
पानी घरों में पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने समस्या से निपटने के लिए खुद मोर्चा संभाला। ग्रामीण बड़ी मशक्कत के बाद नदी में उतरकर पुल के नीचे फंसी घास-फूस और जलकुंभी को काटकर हटाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद पानी के बहाव का रास्ता साफ हुआ और नदी का पानी निकलना शुरू हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल के सीवर/निकासी मार्ग में बड़ी मात्रा में घास-फूस फंस जाने के कारण पानी आगे नहीं निकल पा रहा था। समय रहते सफाई नहीं होने से स्थिति बिगड़ गई और कई घरों में पानी भर गया। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुल के नीचे पानी निकासी वाले मार्ग की नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा

