ब्रेकिंग न्यूज़ मथुरा /कमई
एम डी न्यूज़ से संवाददाता-जितेंद्र ठाकुर आगरा मंडल ब्यूरो प्रमुख की रिपोर्ट
सर्पदंश से किसान की मौत, शव लेकर लौट रहे परिजन सड़क हादसे का शिकार
मथुरा। बरसाना थाना क्षेत्र के कमई गांव में घर में जमीन पर सो रहे दो लोगों को सांप ने काट लिया। सर्पदंश की घटना में किसान सूरजपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके रिश्तेदार का आगरा में इलाज चल रहा है। सूरजपाल का शव एंबुलेंस से गांव लाते समय रास्ते में उसके परिजन भी सड़क हादसे का शिकार हो गए।
परिजनों के अनुसार, परिवार में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। इसके चलते परिवार के लोग घर में मौजूद थे और जमीन पर सो रहे थे। इसी दौरान सांप ने जमीन पर सो रहे सूरजपाल और उसके रिश्तेदार को काट लिया। सांप के काटने के बाद दोनों की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान सूरजपाल की मौत हो गई, जबकि उसके रिश्तेदार की हालत गंभीर होने पर उसे आगरा ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूरजपाल की मौत के बाद परिजन एंबुलेंस से उसका शव लेकर कमई गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कमई निवासी मंगल पुत्र कलुआ और राजू बाइक से एंबुलेंस के साथ चल रहे थे। बताया गया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर रैपुरा जाट-ग्वालियर हाईवे के समीप मंगल की बाइक हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में मंगल घायल हो गए।
हादसे के बाद एंबुलेंस में मौजूद परिजनों ने घायल मंगल को भी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। एक तरफ परिवार किसान सूरजपाल की मौत से सदमे में था, वहीं दूसरी ओर शव लेकर लौटते समय हुए सड़क हादसे ने परिजनों को और परेशान कर दिया।
एक ही परिवार में सर्पदंश से किसान की मौत और इसके बाद शव लेकर लौटते समय हुए सड़क हादसे से गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

