रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा
बदायूँ: 03 सितम्बर। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत आगामी द्वितीय चरण की तैयारियों एवं प्रशिक्षण व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी अवनीश राय ने मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव तथा समस्त उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों के साथ गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में बैठक की। बैठक में द्वितीय चरण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि द्वितीय चरण के प्रशिक्षण के लिए जनपद स्तर पर जिला प्रशासन द्वारा तीन मास्टर ट्रेनर तथा जिला जनगणना कार्यालय द्वारा एक मास्टर ट्रेनर, कुल चार मास्टर ट्रेनर उपलब्ध कराए गए हैं। इन मास्टर ट्रेनरों का चार दिवसीय प्रशिक्षण माह के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। प्रशिक्षण के उपरांत मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनपद स्तर पर लगभग 118 से 120 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद चार्ज स्तर पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य द्वितीय चरण के कार्यों का सुचारु एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करना है। साथ ही बैठक में यह भी बताया गया कि जनगणना-2027 का द्वितीय चरण जनसंख्या गणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा। इस चरण में जनसंख्या संबंधी आंकड़ों का संकलन डिजिटल रूप से किया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को द्वितीय चरण की सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने तथा प्रशिक्षण एवं जनगणना कार्य के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर समस्त उपजिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी न्यायिक, तहसीलदार, तहसीलदार न्यायिक, नायब तहसीलदार एवं सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
