रिपोर्ट-राजा पाठक
हाथरस। विकास खंड मुरसान क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय मथु तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग बदहाल होने के कारण छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़, दलदल और जलभराव के चलते बच्चे और शिक्षक मुख्य रास्ते के बजाय आसपास के प्लॉटों से होकर विद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं।
समस्या की जानकारी मिलने पर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (एडीएचआर) की टीम ने राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन के अंदर की व्यवस्थाएं व्यवस्थित और अच्छी पाई गईं, लेकिन विद्यालय तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग बेहद खराब स्थिति में मिला।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पानी की निकासी का रास्ता अवरुद्ध होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है, जिससे मार्ग पर कीचड़ और दलदल की स्थिति बनी रहती है। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि आजादी के लगभग 80 वर्ष बाद भी बच्चों को विद्यालय तक पहुंचने के लिए सुरक्षित रास्ता नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनकी सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन भी बेहद जरूरी है।

विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद एडीएचआर टीम ने एसडीएम सदर राज बहादुर से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। टीम ने मांग की कि राजस्व विभाग की टीम से संबंधित चकरोड की पैमाइश कराकर मार्ग को सुचारु कराया जाए तथा जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए।
इसके बाद टीम खंड विकास कार्यालय मुरसान पहुंची और संबंधित अधिकारियों से वार्ता की। बताया गया कि खंड विकास अधिकारी मुरसान की ओर से भी चकरोड की पैमाइश के संबंध में एसडीएम सदर को पत्र लिखा गया है।
जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने कहा कि शिक्षा केवल विद्यालय भवन तक सीमित नहीं है। बच्चों को सुरक्षित वातावरण और विद्यालय तक पहुंचने का सुगम रास्ता मिलना भी उनकी मूलभूत आवश्यकता है।
प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि एडीएचआर सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अभियान के रूप में कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य समस्याओं को उजागर करने के साथ-साथ प्रशासन के सहयोग से उनका स्थायी समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस दौरान रवि गुप्ता, बाल प्रकाश वार्ष्णेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
