अनिल यादव मवई अयोध्या एम डी न्यूज

संत बहरैची दास राष्ट्रीय अकादमी इंटर कॉलेज पूरे काजी बाबूपुर में शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य बनवारी लाल एवं संरक्षक भोला प्रसाद यादव की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण एवं प्रस्तुतियां दीं। छात्र-छात्राओं ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें अनुशासन, संस्कार, नैतिकता और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बनवारी लाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सदैव सर्वोच्च रहा है। विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ देश के विकास में भी योगदान दे सकते हैं।
विद्यालय के संरक्षक भोला प्रसाद यादव ने भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा विद्यालय एवं अपने माता-पिता का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस मौके पर जय चंद्र शर्मा, सुरेश वर्मा, महेश वर्मा, रिया तिवारी, गरिमा यादव, महेक यादव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। समारोह शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
