सीतापुर। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएम के निर्देश पर संयुक्त स्वास्थ्य टीम ने ग्राम बसानपुर स्थित अजय सिंह के विद्या मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर के पीछे बिना वैध लाइसेंस और पंजीकरण के क्लीनिक संचालित होने की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को मेडिकल स्टोर के पीछे बने अलग कमरे में मरीजों के इलाज की व्यवस्था मिली। कमरे से प्रसव और जच्चा-बच्चा के उपचार से संबंधित उपकरण व अन्य सामग्री भी मिली। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कमरे को सील कर दिया।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मेडिकल स्टोर संचालक अजय सिंह घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
रिपोर्ट श्रवण तिवारी

