जिलाधिकारी के निर्देश पर बाढ़ क्षेत्रों में लगातार अधिकारियों द्वारा की जा रही है निगरानी

बाढ़ पीड़ितों को आवश्यकता के अनुसार दोबारा बांटी गई राहत किट

गोण्डा 06 सितम्बर,2026।
तहसील तरबगंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ग्राम ऐलीपरसौली एवं आसपास के गांवों में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बाढ़ प्रभावित सभी परिवारों को पुनः बाढ़ राहत किट का वितरण किया गया। राहत किट का वितरण माननीय विधायक तरबगंज श्री प्रेम नरायन पाण्डेय, उपजिलाधिकारी तरबगंज श्री प्रदीप कुमार सिंह, तहसीलदार श्री आशुतोष पाण्डेय तथा ग्राम प्रधान द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
राहत किट प्राप्त होने पर बाढ़ प्रभावित परिवारों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। प्रशासन की प्राथमिकता है कि बाढ़ की विषम परिस्थितियों में किसी भी प्रभावित परिवार को आवश्यक राहत सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने बाढ़ की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति का जायजा लेते रहें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं की जानकारी मौके पर प्राप्त कर उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरंतर निरीक्षण कर रहे हैं। प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के साथ-साथ ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ से पीड़ित परिवारों को उनकी आवश्यकता के अनुसार बाढ़ राहत किट दोबारा भी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की आवश्यक वस्तु की कमी न होने पाए और उन्हें संकट की इस घड़ी में हर संभव सहायता मिलती रहे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर राहत सामग्री उपलब्ध कराएं। इसी क्रम में ग्राम ऐलीपरसौली एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित गांवों में पुनः राहत किट का वितरण किया गया है।

प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे बाढ़ की स्थिति में सावधानी बरतें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें। जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। गोंडा से रिपोर्टर मदन लाल

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed