
एम डी न्यूज़
रिपोर्ट गौरव सक्सेना
बरेली विकास प्राधिकरण ने नाथ कॉरिडोर के समग्र विकास की दिशा में एक नई शुरुआत की है। सौ फुटा तिराहे को अब ‘शिव नाद चौक’ के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। सौ फुटा तिराहा नाथ कॉरिडोर का महत्वपूर्ण मिलन-बिंदु है।जिसके एक ओर आदिनाथ चौक और दूसरी ओर त्रिलोकी चौक से आने वाले मार्ग यहां मिलते हैं। इसी सांस्कृतिक भाव को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रोटरी पर त्रिशूल और डमरू की भव्य संयुक्त कलाकृति स्थापित की जाएगी। यह कलाकृति नाथ परंपरा और भगवान शिव के नाद का प्रतीकात्मक संदेश देगी। परियोजना के अनुसार तिराहे को धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साथ आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। विकास योजना में यातायात को व्यवस्थित व सुगम बनाने के साथ तिराहे का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। शिव नाद चौक पर करीब 100 फीट लंबी विकास गाथा दीवार भी बनाई जाएगी। बीडीए की ओर से इसका विस्तृत सर्वेक्षण व तकनीकी परीक्षण कराया जा चुका है। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि नाथ कॉरिडोर बरेली की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
रिपोर्टर गौरव सक्सेना एम डी न्यूज़ बरेली।
