
MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा
बदायूँ: 09 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर केन्द्र सरकार द्वारा 17 सितंबर से एक माह का सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाला यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 07 अक्टूबर को जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करेंगे। इसी दिन प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सेवा ज्योति कलश यात्रा भी निकाली जाएगी, जो गांवों और शहरी क्षेत्रों को जोड़ेगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियां जनभागीदारी के साथ संचालित की जाएंगी।
बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 विकास शर्मा, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में कैंप का प्लान इस प्रकार तैयार किया जाए कि वहां अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी उपलब्ध हो सकें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। सप्ताह में एक दिन निर्धारित करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी संबंधित अधिकारी अथवा उनके प्रतिनिधि एक ही ग्राम पंचायत में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित कार्यों का निस्तारण करें। कैंप की तिथि एवं उपस्थित अधिकारियों की जानकारी पंचायत भवन की दीवार पर चस्पा कराई जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया जाए। लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ सभी पात्रों तक पहुंचे और कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रहे, इसके लिए योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उनके योजनाओं से संबंधित आवेदन कराए जाएं तथा संबंधित अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि भी मौके पर उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल तभी सफल होगी जब ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित हो और किए गए कार्यों की लगातार निगरानी एवं मॉनीटरिंग की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में आयोजित कैंप के बाद यह भी समीक्षा की जाए कि कितने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला तथा कितने प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार की सतत मॉनीटरिंग से अभियान को प्रभावी बनाया जाए और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए और कृत कार्यवाही से उन्हें भी अवगत कराया जाए। इस अवसर पर समस्त सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
