
रिपोर्ट जितेन्द्र कुमार ठाकुर
MD NEWS बहुआयामी समाचार
मथुरा। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षा गृह में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब जर्जर छत का मोटा प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के वक्त प्रतीक्षा गृह में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे और कई यात्री बेंचों पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार कर रहे थे। गनीमत रही कि प्लास्टर गिरने से कुछ पल पहले ही वहां बैठे यात्री हट गए, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक छत से प्लास्टर टूटकर नीचे गिरा। तेज आवाज सुनकर प्रतीक्षा गृह में मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। कुछ यात्री बेंचों से उठकर तुरंत बाहर की ओर भागे, जबकि आसपास बैठे लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्लास्टर के भारी टुकड़े जमीन पर गिरने से यात्रियों में काफी देर तक भय का माहौल बना रहा।
हादसे के बाद यात्रियों ने स्टेशन भवन की जर्जर हालत को लेकर नाराजगी जताई। यात्रियों का कहना था कि प्रतीक्षा गृह की छत काफी समय से खराब दिखाई दे रही थी। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। उनका कहना था कि यदि प्लास्टर यात्रियों के ऊपर गिर जाता तो कई लोग गंभीर रूप से घायल हो सकते थे।
मथुरा जंक्शन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में प्रतीक्षा गृह जैसे स्थान पर इस तरह छत से प्लास्टर गिरना रेलवे की यात्री सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यात्रियों ने मांग की कि स्टेशन के पुराने भवन की छतों और अन्य जर्जर हिस्सों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा जहां भी खतरा हो, वहां मरम्मत का काम कराया जाए।
यात्रियों ने यह भी कहा कि केवल प्लास्टर गिरने के बाद मरम्मत करने के बजाय रेलवे को पहले से जर्जर हिस्सों को चिन्हित कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की संभावना को टाला जा सके। घटना के बाद प्रतीक्षा गृह की छत को लेकर यात्रियों में सुरक्षा संबंधी चिंता बढ़ गई है।

