रिपोर्ट शाहनूर आलम प्रयागराज मंडल सहायक ब्यूरो प्रमुख
MD NEWS बहुआयामी समाचार

महिला सिपाही से 4.20 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में साइबर क्राइम थाने के सिपाही अभिषेक कुमार को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। वहीं मामले में आरोपी इंस्पेक्टर ओम नारायण गौतम के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई के लिए संबंधित जनपद को रिपोर्ट भेजी गई है। इंस्पेक्टर का तबादला वाराणसी जोन हो चुका है।
मामला करीब 60 लाख रुपये के साइबर इन्वेस्टमेंट फ्रॉड की विवेचना से जुड़ा है। महिला सिपाही नीशू सिंह ने आरोप लगाया है कि उसके भाई के साइबर फ्रॉड मामले में फ्रीज हुई करीब 33 लाख रुपये की रकम रिलीज कराने के नाम पर 20 प्रतिशत कमीशन मांगा गया था।
शिकायत के मुताबिक, महिला सिपाही ने अलग-अलग स्थानों पर कुल 4.20 लाख रुपये दिए। इसमें 80 हजार रुपये सिपाही अभिषेक के माध्यम से देने का भी आरोप है। महिला सिपाही ने बैंक रिकॉर्ड, व्हाट्सऐप चैट और ऑडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के तौर पर अधिकारियों को सौंपने की बात कही है।
शिकायत में इंस्पेक्टर पर अपनी बेटी की NEET तैयारी के लिए ऑनलाइन कोर्स और शिक्षण सामग्री लेने का आरोप भी लगाया गया है।
मामले की एफआईआर सिविल लाइंस थाने में दर्ज है और अब इसकी विवेचना शुरू हो गई है। जांच में बैंक और एटीएम रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल सीसीटीएनएस रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा सकती है। जांच आगे बढ़ने पर रिश्वत के कथित लेनदेन में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
डीसीपी क्राइम मनीष कुमार शांडिल्य के अनुसार, सिपाही को निलंबित कर दिया गया है और इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। वहीं एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने बताया कि विवेचना शुरू कर दी गई है और वादिनी समेत आरोपियों व संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

3 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *