नई दिल्ली/रामपुर। रामपुर के 18वीं लोकसभा सांसद मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी को नेशनल फेडरेशन ऑफ यूथ मूवमेंट द्वारा नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘नेशनल यूथ लीडर्स मीट 2026’ में मुख्य वक्ता (Guest Speaker) के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम 20 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से युवा प्रतिनिधि एवं युवा नेतृत्व से जुड़े लोग शामिल हो रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी युवाओं की भूमिका, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, शिक्षा, लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम को लेकर सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने कहा कि देश के युवाओं की भूमिका केवल शिक्षा और रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। युवाओं को संविधान के मूल्यों को समझते हुए सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही देश की मजबूती का आधार है।
सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी संसद में विभिन्न संवैधानिक एवं सामाजिक मुद्दों को उठाते रहे हैं। ऐसे में उन्हें राष्ट्रीय स्तर के युवा सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया जाना रामपुर के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
‘नेशनल यूथ लीडर्स मीट 2026’ में सांसद का संबोधन देशभर से पहुंचे युवाओं के बीच संवाद का अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में युवा नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी, शिक्षा और देश के विकास में युवाओं की भागीदारी सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की जानकारी दी गई है।
रामपुर से सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी को राष्ट्रीय मंच पर मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किए जाने से उनके समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में रामपुर का प्रतिनिधित्व होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।यह जानकारी सांसद प्रतिनिधि एडवोकेट महबूब अली पाशा ने दी



