रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कसौधन (एमडी न्यूज़)
महराजगंज। बीट पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी निचलौल रवींद्र कुमार सिंह द्वारा शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को थाना निचलौल के बीट पुलिस अधिकारियों (BPO) की बीट पुस्तकों की गहन जांच एवं समीक्षा की गई। इस दौरान बीट क्षेत्र से संबंधित अभिलेखों में दर्ज सूचनाओं, पुलिस गश्त तथा क्षेत्र की गतिविधियों के संबंध में आवश्यक जानकारी का जायजा लिया गया।
समीक्षा के दौरान क्षेत्राधिकारी ने बीट पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपनी-अपनी बीट में नियमित रूप से प्रभावी गश्त करते हुए क्षेत्र की प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि पर नजर रखें। बीट बुक में दर्ज सूचनाओं को समय-समय पर सत्यापित कर आवश्यकतानुसार अद्यतन किया जाए, ताकि क्षेत्र में होने वाली किसी भी घटना अथवा संभावित समस्या की जानकारी पुलिस तक समय से पहुंच सके।

क्षेत्राधिकारी ने बीट पुलिसिंग को पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए निर्देश दिए कि बीट अधिकारी अपने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखें। क्षेत्र में किसी प्रकार के विवाद, संदिग्ध गतिविधि, अपराध की आशंका अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।उन्होंने संवेदनशील स्थानों, अपराध की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों तथा पूर्व में विवाद से जुड़े स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया। साथ ही बीट अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका नियमानुसार समाधान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

क्षेत्राधिकारी ने कहा कि बीट बुक केवल एक औपचारिक अभिलेख न होकर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और पुलिसिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का आधार है। इसलिए इसमें दर्ज प्रत्येक सूचना स्पष्ट, तथ्यात्मक और अद्यतन होनी चाहिए। उन्होंने सभी बीट अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।इस दौरान थाना निचलौल पुलिस के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
