हाथरस, 25 सितंबर 2026। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी की अध्यक्षता में समस्त उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सुपरवाइजर्स के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में महिला मतदाताओं के पंजीकरण को बढ़ाने तथा मतदाता सूची में जेंडर रेश्यो सुधारने पर विशेष जोर दिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन के दृष्टिगत मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन रखना प्राथमिकता है।सभी सुपरवाइजर्स को उनके क्षेत्र के बूथों की वर्तमान जेंडर रेश्यो की बूथवार सूची उपलब्ध कराई गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि सूची का परीक्षण कर ऐसे बूथों को चिन्हित करें, जहां जेंडर रेश्यो अपेक्षाकृत कम है। इसके बाद संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर फील्ड में विशेष अभियान चलाते हुए पात्र महिला मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।उन्होंने सुपरवाइजर्स को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर बीएलओ के कार्यों का प्रभावी पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसी पात्र महिलाओं एवं युवाओं को चिन्हित करने पर जोर दिया गया, जो अभी तक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हैं।बैठक में मृत, स्थानांतरित एवं अपात्र मतदाताओं के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कम जेंडर रेश्यो वाले बूथों पर प्राथमिकता से कार्य करते हुए बूथवार प्रगति की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा गया।इस अवसर पर सभी उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जनपद के समस्त सुपरवाइजर्स उपस्थित रहे।
रिपोर्ट संजीव कुमार तेनगुरिया

