हाथरस, 25 सितंबर 2026। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में नगर विकास विभाग के विकास कार्यों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना निधि से नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में कराए जा रहे कार्यों और प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।बैठक में 15वें वित्त आयोग के कार्यों के साथ सीवरेज एवं जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना (CM-NSY), मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CM-VNY) सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा अंत्येष्टि स्थल, तालाब-पोखर संरक्षण, आकांक्षी नगर योजना, वंदन योजना एवं आदर्श नगर पंचायत कार्ययोजना की भी समीक्षा हुई।जिलाधिकारी ने नगर पंचायत मुरसान में एमआरएफ सेंटर एवं कम्पोस्ट प्लांट तथा नगर पंचायत सासनी में कम्पोस्ट प्लांट के निर्माण के लिए तत्काल भूमि चिन्हित कर संबंधित उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।उन्होंने प्रतिबंधित पॉलीथीन की रोकथाम के लिए नगरों में थोक विक्रेताओं को चिन्हित कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। जिन महत्वपूर्ण योजनाओं की डीपीआर अभी तक शासन को प्रेषित नहीं की गई है, उन्हें तत्काल भेजने के निर्देश दिए गए।डीएम ने विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों को टेंडर नियमावली के अनुसार शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय में पूरा कराने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वच्छता सप्ताह के दृष्टिगत नगर निकायों में सफाई, प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने को भी कहा गया।बैठक में नगर निकायों में अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, डीजल की बचत एवं एनजीटी के दिशा-निर्देशों के दृष्टिगत आवश्यकता के अनुसार इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं आगामी दीपोत्सव एवं दीपावली के मद्देनजर पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित एवं उपयुक्त स्थानों को चिन्हित करने को कहा गया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) प्रशांत तिवारी, प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय शम्स तवरेज खान, विभिन्न नगर निकायों के चेयरमैनगण सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट संजीव कुमार तेनगुरिया

