एमडी न्यूज़ बहूआयानी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल लोकेशन रामपुर ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष अनिल राज के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी रामपुर को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से ठेका सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई।संघ ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पूर्व में भी नगर पालिका प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई है। संघ ने जिलाधिकारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को राहत दिलाने की मांग की।ज्ञापन में प्रमुख रूप से ठेका कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार 475 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वेतन एवं एरियर का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की गई। संघ का कहना है कि जिले की तहसीलों की नगर पालिकाओं में ठेका सफाई कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार भुगतान किया गया है, जबकि रामपुर नगर पालिका परिषद में ठेका सफाई कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर समस्या बनी हुई है।इसके अलावा संघ ने मांग की कि प्रत्येक वार्ड में एक सुपरवाइजर को जिम्मेदारी दी जाए, ताकि सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। ज्ञापन में ठेका कर्मचारियों के शोषण पर रोक लगाने तथा नगर पालिका अधिकारियों एवं कुछ सफाई ठेकेदारों द्वारा कर्मचारियों के साथ किए जा रहे कथित उत्पीड़न/शोषण की शिकायतों पर कार्रवाई की मांग भी की गई।संघ ने जिलाधिकारी से करीब 500 ठेका सफाई कर्मचारियों की वेतन सूची रेखा सिक्योरिटी कंपनी से उपलब्ध कराने तथा कर्मचारियों को ईएसआई कार्ड उपलब्ध कराने की भी मांग की।उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ ने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके वेतन, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है।संघ ने जिलाधिकारी से चार सूत्रीय ज्ञापन पर गंभीरता से विचार करते हुए ठेका सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की कार्रवाई करने का अनुरोध किया।ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष अनिल राज सहित संघ के पदाधिकारी एवं सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

