रिपोर्ट – अनुज कुमार एमडी न्यूज *
प्रयागराज।* दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित बचपन डे केयर सेंटर में गुरुवार को दिव्यांग बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. पाठक एवं मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश पासवान ने सेंटर में अध्ययनरत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विशेष रूप से श्रवण दिव्यांग, दृष्टि दिव्यांग एवं बौद्धिक दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की जांच की गई तथा उनकी स्थिति के अनुरूप आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।चिकित्सकों ने बच्चों के अभिभावकों से भी संवाद कर उनके स्वास्थ्य, व्यवहार एवं दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, उचित देखभाल एवं आवश्यक उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।कार्यक्रम में बचपन डे केयर सेंटर के समन्वयक चंद्र भान द्विवेदी, संस्था के विशेष शिक्षक, कार्मिकगण तथा बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर को दिव्यांग बच्चों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना, उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान करना तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सा एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल से दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी गया।

