धर्मेन्द्र कसौधन(एमडी न्यूज़)
निचलौल, महराजगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर निचलौल क्षेत्राधिकारी कार्यालय में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी निचलौल रवींद्र कुमार सिंह ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया गया। उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रवींद्र कुमार सिंह ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई। पुलिसकर्मियों ने देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के आदर्शों को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में शांति, सद्भाव और कानून के प्रति विश्वास कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में दोनों महान विभूतियों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।
