रिपोर्ट- रामानंद सागर (एमडी न्यूज़)

बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के बरुआ गांव में अज्ञात चोरों ने एक शिक्षक के घर को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती बर्तन चोरी कर लिए। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, बरुआ गांव निवासी शिक्षक कुलदीप यादव परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात अज्ञात चोरों ने घर के पीछे वाले दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोर घर में रखा एक बक्सा उठाकर ले गए। बक्से में सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती बर्तन रखे हुए थे। चोर अंधेरे का फायदा उठाकर बक्सा लेकर फरार हो गए।

सुबह परिवार के सदस्यों के जागने पर घर में चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित शिक्षक ने तत्काल यूपी-112 और महादेवा चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।सोमवार सुबह परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों को घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में बक्से के कपड़े और अन्य सामान बिखरा हुआ मिला। माना जा रहा है कि चोरों ने बक्से से कीमती सामान निकालने के बाद उसे खेत में छोड़ दिया।महादेवा चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *