रिपोर्ट-रफीउल्लाह खान
रामपुर। जनपद रामपुर में गायों एवं अन्य बेजुबान पशुओं में तेजी से फैल रही लम्पी स्किन डिजीज (लम्पी वायरस) को लेकर अग्निवीर गौसेवा परिवार, रामपुर ने गंभीर चिंता जताई है। बीमारी की रोकथाम और पशुओं को बचाने के लिए जिला गौसेवा प्रमुख गौरव सैनी के नेतृत्व में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी रामपुर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि जनपद में लम्पी वायरस से कई बेजुबान पशु प्रभावित हो रहे हैं। बीमारी के कारण पशुपालकों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ गोशालाओं में भी संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं पशुपालन विभाग को तत्काल सक्रिय किए जाने की आवश्यकता है।गौरव सैनी ने जिलाधिकारी से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में पशु चिकित्सा टीमों को भेजकर संक्रमित पशुओं की जांच एवं उपचार कराया जाए तथा आवश्यक दवाइयों और टीकाकरण की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। साथ ही गोशालाओं में विशेष निगरानी रखते हुए साफ-सफाई और संक्रमण से बचाव के प्रभावी इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने कहा कि बेजुबान पशु अपनी तकलीफ स्वयं नहीं बता सकते, इसलिए उनकी सुरक्षा और उपचार की जिम्मेदारी समाज एवं प्रशासन दोनों की है। लम्पी वायरस को नियंत्रित करने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है।इस दौरान अग्निवीर गौसेवा परिवार, रामपुर से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से पशुओं की सुरक्षा के लिए शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
