रिपोर्ट-रविशंकर
रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के मलिकमऊ चौबारा कस्बे में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों को रौंदता हुआ एक मकान में जा घुसा। भीषण हादसे में चार दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मकान का अगला हिस्सा भी टूट गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त दुकानों और मकान के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुबख्शगंज क्षेत्र के रामदीन का पुरवा गांव निवासी चंद्रप्रकाश सिंह का रायबरेली-गुरुबख्शगंज मार्ग पर मलिकमऊ चौबारा कस्बे में मकान है। मुख्य मार्ग से सटी उनकी दो दुकानें हैं, जबकि बगल में सुनीता साहू की भी दो दुकानें स्थित हैं।

शनिवार रात करीब दो बजे तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक ट्रेलर पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे स्थित दुकानों को तोड़ता हुआ मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राज फास्ट फूड, सुनीता साहू की फास्ट फूड दुकान, जनरल स्टोर और फल की दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकानों में रखा सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक और हेल्पर मौके से फरार हो गए। दुकानदारों के मुताबिक, दुर्घटना में करीब पांच लाख रुपये का सामान और संपत्ति का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त दुकानों व मकान का जायजा लिया। पुलिस ने हादसा करने वाले ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सीओ लालगंज सुजीत कुमार राय ने बताया कि ट्रेलर को गुरुबख्शगंज पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। प्रथम दृष्टया चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित होने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।
