
नशे के खिलाफ मुंबई से उठेगी मजबूत आवाज, राज्यपाल से मिला ‘हम भारत हैं ट्रस्ट’ का प्रतिनिधिमंडल
मुंबई। देश में बढ़ती नशे की समस्या की रोकथाम और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से ‘हम भारत हैं ट्रस्ट’ ने ‘नशामुक्त मुंबई, नशामुक्त महाराष्ट्र’ अभियान को लेकर पहल शुरू की है। इसी क्रम में ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष साकिब भारत ने आध्यात्मिक गुरु स्वामी ओमा द अक् जी के मार्गदर्शन में मुंबई स्थित राजभवन में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से मुलाकात की और उन्हें नशामुक्ति अभियान से संबंधित पत्र सौंपा। इस दौरान जैन समुदाय से ओम प्रकाश जैन भी मौजूद रहे।
पत्र के माध्यम से मुंबई एवं महाराष्ट्र में बढ़ते नशे की रोकथाम, युवाओं में जागरूकता बढ़ाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए राज्यपाल से सहयोग और मार्गदर्शन का अनुरोध किया गया।
ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि सरकार, सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक एवं सामुदायिक संगठनों तथा युवाओं को साथ लेकर नशे के विरुद्ध प्रभावी सामाजिक अभियान खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है। नशे की रोकथाम केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने नशे के खिलाफ चलाए जाने वाले जागरूकता प्रयासों के प्रति सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए अभियान में सहयोग एवं मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।
साकिब भारत ने कहा कि मुंबई से नशे के खिलाफ मजबूत जनजागरूकता अभियान की शुरुआत कर इसे पूरे महाराष्ट्र तक पहुंचाना ट्रस्ट का संकल्प है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाना है। ट्रस्ट ने स्वामी ओमा द अक् जी के मार्गदर्शन में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
