
रोहिणी कमीशन रिपोर्ट दबाना पिछड़ों के हक पर कुठाराघात: अशोक विश्वकर्मा
नई दिल्ली, ऑल इंडिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (OBC विभाग), उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने केंद्र सरकार पर पिछड़ों के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रोहिणी कमीशन की रिपोर्ट सार्वजनिक न करना पिछड़ों के हक पर कुठाराघात है।
अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि OBC आरक्षण के उप-वर्गीकरण के लिए 2017 में गठित रोहिणी कमीशन ने करीब छह वर्ष की मेहनत के बाद 2023 में रिपोर्ट सौंपी, लेकिन अब तक इसे सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा, प्रजापति, लोहार और बढ़ई जैसे अतिपिछड़े शिल्पकार समाज को आरक्षण में उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
उन्होंने तीन मांगें रखते हुए कहा कि रोहिणी कमीशन की रिपोर्ट तत्काल सार्वजनिक की जाए, OBC आरक्षण में अतिपिछड़ों के लिए अलग कोटा सुनिश्चित हो तथा जातिगत जनगणना कराकर आबादी के अनुरूप हिस्सेदारी तय की जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात कर इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।
