धर्मेन्द्र कसौधन(एमडी ब्यूरो)
महराजगंज। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में नशा मुक्त समाज की दिशा में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के तहत महराजगंज पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जब्त की गई 78 लीटर अवैध कच्ची शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4,680 रुपये बताई गई है, का नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्व में बरामद एवं जब्त की गई अवैध कच्ची शराब के निस्तारण की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की गई। इसके लिए गठित समिति की मौजूदगी में शराब का विनिष्टीकरण कराया गया।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी फरेन्दा एवं आबकारी निरीक्षक की उपस्थिति में गठित समिति द्वारा पूरी कार्रवाई को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया। संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान निर्धारित मानकों एवं प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया।पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

महराजगंज पुलिस की इस कार्रवाई को नशा मुक्त समाज के अभियान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने आमजन से भी अवैध शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
