
मितौली (खीरी), 6 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली में आज वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखीमपुर खीरी के निर्देशानुसार किया गया। शिविर की अध्यक्षता चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह ने की।
शिविर का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रज्वल एवं शुभांशु राठौर द्वारा किया गया। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान शिविर को जिला अस्पताल लखीमपुर खीरी के ब्लड बैंक की टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच एवं रक्त संग्रह की प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार की गई।
10 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
शिविर में कुल 10 लोगों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान किया गया। रक्तदान करने वालों में पंकज कुमार, सूर्यांश गुप्ता, अवधेश, गौरव सोनी, नीतीश पांडे, अभिषेक, कन्हैया, हिमांशु, अमित कुमार एवं अमित (लैब टेक्नीशियन) शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. नीरज कुमार, डॉ. दीक्षा सिंह, डॉ. विपीनेश कुमार, अमित कुमार (लैब टेक्नीशियन), जितेंद्र भारती, पुनीत वर्मा, लैब टेक्नीशियन शिवेंद्र सिंह, लैब असिस्टेंट राम सागर एवं BPM तैयब सिद्दीकी सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली की टीम उपस्थित रही और शिविर को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।”
उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके इस पुनीत कार्य से समाज में मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलता है।
शिविर का उद्देश्य जनसामान्य में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना रहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली की टीम द्वारा पूर्ण समन्वय एवं सक्रिय सहयोग से शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
