9 से 11 अक्टूबर तक वाराणसी में होगा राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट

छह राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा, उद्घाटन पर 9 सेकंड में 76 नारियल फोड़ने का बनेगा विश्व रिकॉर्ड

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प माह के अंतर्गत उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 9, 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को सिगरा स्टेडियम में होगी। यह जानकारी आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन एवं भारतीय जनता पार्टी दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयुक्त सौजन्य से किया जा रहा है। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बहराइच निवासी धर्मेंद्र द्वारा महज 9 सेकंड में 76 नारियल फोड़कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा एवं विदर्भ की कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें 8 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और उन्हें खेल के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। यह आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सहभागिता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।
आयोजन में विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की भी सहभागिता रहेगी। पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव, गौतम जायसवाल, रोशन द्विवेदी, सुबोध राय, प्रदीप राजभर, मदनमोहन वर्मा एवं प्रांजल अग्रहरि सहित आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता का संयोजन बीर भद्र सिंह ने किया।

4 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *