
आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्रि और प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विसर्जन यात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हाईवे पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाट से लेकर विसर्जन मार्ग तक निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। मंगलवार को एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता और सीओ अरविंद सोनकर ने बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट स्थित कल्याणी नदी के विसर्जन घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुधार के लिए मातहतों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
रुदौली क्षेत्र में प्रतिमाओं का विसर्जन तीन दिनों तक चलता है। विभिन्न स्थानों से निकलने वाली विसर्जन यात्राएं हाईवे से होकर रामसनेहीघाट स्थित कल्याणी नदी को जाती है।इसे देखते हुए अफसरों ने घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को परखा। संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।एसडीएम विनोद गुप्ता ने कहा कि विसर्जन के दौरान घाट पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।उन्होंने साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी करने के साथ आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।सीओ अरविंद सोनकर ने पुलिस कर्मियों को विसर्जन मार्ग से घाट पर सेफ कारिडोर की तरह सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाईवे पर विसर्जन यात्राओं के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी।
