वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अक्टूबर को वाराणसी के जगतपुर इंटर कॉलेज, रोहनिया में प्रस्तावित जनसभा एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।


पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर सोमवार, 6 अक्टूबर को अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने जगतपुर इंटर कॉलेज स्थित जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल, आने-जाने के मार्ग, वाहन पार्किंग, सुरक्षा घेरा और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया।
अपर पुलिस आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों और पुलिस व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा में तैनात वाराणसी कमिश्नरेट के साथ ही बाहर से आए पुलिस बल को ब्रीफ किया गया। सभी अधिकारियों और जवानों को उनकी ड्यूटी, जिम्मेदारी और तैनाती स्थल की जानकारी देते हुए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश
अपर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और पुलिसकर्मी निर्धारित वर्दी में समय से अपनी ड्यूटी पर पहुंचें और बिना अनुमति ड्यूटी स्थल न छोड़ें।
जनसभा स्थल के मुख्य प्रवेश और निकास द्वार पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रवेश करने वाले लोगों और सामान की मेटल डिटेक्टर व अन्य जांच उपकरणों से सघन तलाशी ली जाएगी।
कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। आसपास की ऊंची इमारतों और छतों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। किसी संदिग्ध वाहन या वस्तु के मिलने पर तत्काल बम निरोधक दस्ते को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों के आवागमन वाले मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों और जवानों को किसी भी तरह की अफवाह, भीड़ या विवाद की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने तथा वायरलेस सेट लगातार सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और जवान पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त गोमती नीतू कात्यान, पुलिस उपायुक्त वरुणा राजेश कुमार पांडेय, पुलिस उपायुक्त यातायात, सुरक्षा एवं खुफिया अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त काशी वैभव बंगर, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा निपुण अग्रवाल, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती नृपेंद्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

1 view

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed