
रिपोर्टर बनवारी सैनी
md News बहुआयामी समाचार
मथुरा। थाना रिफाइनरी पुलिस और एंटी रिवार्डिड टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के दोपहिया वाहनों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में शौकीन निवासी हथिया, थाना बरसाना और देवेंद्र उर्फ देवा निवासी छड़गांव, थाना रिफाइनरी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को थाना रिफाइनरी क्षेत्र में अगनपुरा के जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद हुई। बरामद स्कूटी पर उत्तर प्रदेश का पंजीकरण नंबर अंकित है।
शौकीन पर 18, देवेंद्र पर पांच मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार शौकीन का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ मथुरा के बरसाना, सुरीर और वृंदावन सहित दिल्ली में चोरी, लूटपाट से संबंधित अपराध, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, गैंगस्टर गतिविधियों और अन्य मामलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें चोरी के वाहन रखने और बेचने से संबंधित मामले भी शामिल हैं।
वहीं, दूसरे आरोपी देवेंद्र उर्फ देवा के खिलाफ कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, चोरी, अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों से संबंधित मामले शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस ने बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोटरसाइकिल और स्कूटी कहां से चोरी की गई थीं और इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई के बाद वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
