
रिपोर्टर कौशल थाना मनकापुर जिला गोण्डा
Md News बहुआयामी समाचार
गोंडा, उत्तर प्रदेश – गोंडा जंक्शन पर RPF (रेलवे सुरक्षा बल) ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन में सफर कर रही तीन नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया है। तीनों लड़कियां घर में माता-पिता की डांट से नाराज होकर ट्रेन पकड़कर हरियाणा जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, RPF को गश्त के दौरान तीन बच्चियां अकेली और घबराई हुई अवस्था में ट्रेन में मिलीं। पूछताछ करने पर पता चला कि तीनों घर से बिना बताए निकली हैं। RPF ने तत्काल उन्हें ट्रेन से उतारकर महिला आरक्षी की निगरानी में रखा और चाइल्ड हेल्पलाइन व स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि घर पर डांट पड़ने से नाराज होकर उन्होंने हरियाणा जाने का फैसला किया था। उनके पास न टिकट था और न ही किसी को जानकारी थी।
RPF ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तीनों को समझाया-बुझाया, खाना-पानी दिया और उनके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों के आने पर आवश्यक कागजी कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद तीनों लड़कियों को सकुशल उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
RPF की इस त्वरित कार्रवाई की चारों तरफ सराहना हो रही है। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों से संवाद बनाए रखें और ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस या चाइल्ड लाइन 1098 को सूचित करें।
