
रिपोर्ट नासिर रिपोर्टर इंचार्ज प्रयागराज
MD news बहुआयामी समाचार
समाजसेवी मोहम्मद हन्जला बोले—किसी भी मस्जिद को मनमाने ढंग से न तोड़ा जाए, संविधान और न्यायालय के आदेशों का हो पालन**
प्रयागराज, 27 अक्टूबर 2026। देश के विभिन्न हिस्सों में मस्जिदों एवं मुस्लिम धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए इलाहाबाद जन कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी मोहम्मद हन्जला ने महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम अपर जिलाधिकारी (नगर), प्रयागराज के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विशेष रूप से दिल्ली स्थित रेस कोर्स मस्जिद के संरक्षण तथा देशभर में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
मोहम्मद हन्जला ने कहा कि किसी भी मस्जिद या धार्मिक स्थल के संबंध में कार्रवाई कानून, संवैधानिक प्रावधानों और न्यायालय के लागू आदेशों के अनुरूप ही होनी चाहिए। धार्मिक स्थलों से जुड़े विवादों का समाधान निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “हम किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं हैं। हमारी मांग संविधान, न्याय और धार्मिक सद्भाव के पक्ष में है। सभी धर्मों की आस्था का सम्मान होना चाहिए और मुस्लिम धार्मिक स्थलों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।”
ज्ञापन में रेस कोर्स मस्जिद की कानूनी स्थिति की निष्पक्ष जांच कर उसके संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा धार्मिक स्थलों से संबंधित मामलों में कानून और न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
मोहम्मद हन्जला ने कहा कि भारत की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सर्वधर्म सम्मान से है। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष न्याय दिलाना लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने राष्ट्रपति महोदया से ज्ञापन पर गंभीरतापूर्वक विचार कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की अपील की।
ज्ञापन के समर्थन में उपस्थित: एडवोकेट अफशान मिर्जा बेग, एडवोकेट जैद अंसारी, एडवोकेट वसीम, जुबैर अहमद, जहूर खान, एडवोकेट अबरार अहमद एवं एडवोकेट मोहम्मद हन्जला।
रिपोर्ट: मोहम्मद नासिर, रिपोर्टर — MB News, प्रयागराज।
