रिपोर्ट शाहनूर आलम प्रयागराज मंडल सहायक ब्यूरो प्रमुख

md news बहुआयामी समाचार

फतेहपुर बिंदकी कोतवाली क्षेत्र की जोनिहा पुलिस चौकी के अंतर्गत बेहटा गांव में अज्ञात व्यक्ति ने तीन प्राचीन मंदिरों में घुसकर मूर्तियों को खंडित कर दिया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में आक्रोश फैल गया। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस द्वारा गांव के ही मनोज को हिरासत में लिए जाने के बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को यूपी-112 के माध्यम से मंदिरों में मूर्तियां क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी बिंदकी प्रयांक जैन, तहसीलदार धीरज त्रिपाठी, बिंदकी कोतवाली प्रभारी शैलेश सिंह, ललौली थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह और हथगाम थानाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दयाशंकर की तहरीर पर बिंदकी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। इसके बाद गांव के ही मनोज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी के मानसिक रूप से कमजोर होने और नशे का आदी होने की बात सामने आई है। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे उम्मीद थी कि मूर्तियां तोड़े जाने के बाद मंदिरों का दोबारा निर्माण होगा, जिसमें उसे काम मिल सकेगा और वह अपनी कमाई से इलाज करा सकेगा।

पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।आरोपी को हिरासत में लिए जाने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। क्षेत्राधिकारी प्रयांक जैन ने लोगों को समझाते हुए आश्वासन दिया कि किसी निर्दोष को नहीं फंसाया जाएगा और वास्तविक दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यकर्ताओं ने घटना का जल्द खुलासा करने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान राहुल अग्निहोत्री, विहिप प्रखंड अध्यक्ष मोनू गुप्ता, बिंदकी नगर अध्यक्ष राजेश गौतम, बीनू पांडे, ज्ञान सिंह, गुड्डू द्विवेदी, रानू द्विवेदी, प्रेम नारायण और शुभम द्विवेदी मौजूद रहे। वहीं ग्रामीण ओम प्रकाश द्विवेदी, नारायण दत्त द्विवेदी, चंद्र प्रकाश द्विवेदी, पंकज सिंह गौर, रामविशाल, अभिषेक कुशवाहा और इंद्रपाल सहित अन्य ग्रामीणों ने भी घटना के जल्द खुलासे की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

3 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *