भारी बारिश और चक्रवात की चेतावनी के मद्देनजर लिया गया फैसला, कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को एक दिन का शैक्षणिक अवकाश

महराजगंज। जनपद में लगातार हो रही बारिश और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा एवं चक्रवात की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महराजगंज ने 31 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को जनपद के सभी विद्यालयों में एक दिन का शैक्षणिक अवकाश घोषित कर दिया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुजीत कुमार सिंह द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, जनपद में संचालित प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के समस्त परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त तथा सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय 31 अक्टूबर को बंद रहेंगे।

आदेश में कहा गया है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी, अत्यधिक वर्षा, चक्रवात की आशंका और जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।

हालांकि, जनगणना कार्य में लगाए गए सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों को जनगणना से संबंधित अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करना होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

अब 31 अक्टूबर को महराजगंज जनपद के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed