कोहरे और ठंड के मौसम में रेल पटरियों की नियमित निगरानी के साथ संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
मथुरा। सर्दी और कोहरे के मौसम में सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को मथुरा प्रशिक्षण केंद्र में आगरा मंडल के इंजीनियरिंग विभाग की ओर से शीतकालीन संरक्षा उपाय विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें रेल पटरियों की नियमित निगरानी, प्रभावी ट्रैक पेट्रोलिंग और संरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल की उपस्थिति और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) शैलेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित संगोष्ठी में आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, मंडल इंजीनियर, सहायक मंडल इंजीनियर तथा 15 पीडब्ल्यूआई प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम में शीतकाल के दौरान रेल संचालन में आने वाली चुनौतियों और उनसे निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगोष्ठी में बताया गया कि सर्दियों के दौरान तापमान में गिरावट और घना कोहरा रेल परिचालन के लिए चुनौती बन सकता है। ऐसे में रेलवे ट्रैक की नियमित जांच और समय पर खामियों की पहचान बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने रेल पटरियों की प्रभावी पेट्रोलिंग करने, कोहरे के दौरान निर्धारित संरक्षा उपाय अपनाने और रेल फ्रैक्चर सहित अन्य तकनीकी खामियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही रेल पटरियों में किसी भी प्रकार की खराबी दिखाई देने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने तथा ट्रैक के उचित रखरखाव को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें और रेलवे द्वारा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पूरी गंभीरता से पालन करें।
मंडल रेल प्रबंधक ने शीतकाल में अतिरिक्त सतर्कता और नियमित निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया। संगोष्ठी का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शीतकालीन चुनौतियों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित रेल संचालन के लिए तैयार करना रहा, ताकि सर्दी और कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के साथ ट्रेनों का परिचालन सुचारु बना रहे।


बनवारी सैनी
