MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।

जनपद मुजफ्फरनगर में आमजन को न्याय, अधिकारों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 1 नवंबर 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सुजडू चुंगी, मेरठ रोड स्थित सभागार में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजीव कमल पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुमोदन पर आयोजित इस शिविर में भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र, चेक, सामग्री एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर के माध्यम से प्री-कैंप एवं मेगा कैंप के जरिए 10 हजार से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।

कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। इसके साथ ही बच्चों, महिलाओं, श्रमिकों, निर्धन वर्ग एवं जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां योजनाओं से संबंधित हैंडबिल, पंपलेट, पोस्टर एवं बुकलेट वितरित कर आमजन को जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने उपस्थित लोगों को संवैधानिक अधिकारों, विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी मेगा शिविर डॉ. विजय कुमार ने स्वागत उद्बोधन दिया। वहीं अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी मनोज कुमार सिद्धू ने सभी अतिथियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया।

इस दौरान अपर जिला जज गरिमा सिंह, डॉ. विजय कुमार, मनोज कुमार सिद्धू, अनुराग पंवार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल, देवेन्द्र सिंह फौजदार, डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी, रघुवंश मणि सिंह, सोनम गुप्ता, एसपी क्राइम एवं नोडल अधिकारी इंदु सिद्धार्थ, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

जनपद न्यायाधीश राजीव कमल पाण्डेय ने मेगा शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी को बधाई दी तथा जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

शिविर के दौरान डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 12 दिसंबर 2026, शनिवार को जनपद मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर के साथ-साथ बाह्य न्यायालय बुढ़ाना, ग्राम न्यायालय खतौली, ग्राम न्यायालय जानसठ एवं कलेक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में होगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक वाद, धारा 138 एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, बिजली एवं पानी के बिल, वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद तथा सिविल मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जा सकेगा।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण का संदेश — न्याय सबके लिए।

निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर: 15100

7 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed