MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।
जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा बुढ़ाना में पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) की जमीन पर कथित अतिक्रमण और मकान निर्माण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामला बुढ़ाना के खतौली मार्ग स्थित खतौली मोड़ का है, जहां महाराजा अग्रसेन की स्मृति में निर्मित स्थल के बराबर में एक प्लॉट पर मकान निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण के दौरान पीडब्ल्यूडी की भूमि की ओर मकान की गहराई बढ़ाई जा रही है।

स्थानीय स्तर पर सामने आ रही शिकायतों के अनुसार, सड़क पर वाहनों को मोड़ की दिशा बताने वाला सड़क सुरक्षा संकेतक (साइन बोर्ड/संकेतक) भी अपने पुराने स्थान से हटाकर आगे की ओर कर दिया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर यह संकेतक किसके आदेश पर हटाया गया और क्या इसके लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी?
क्षेत्र में हाईवे और मुख्य मार्गों के किनारे हो रहे निर्माण कार्यों को लेकर भी अतिक्रमण की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि कुछ लोग सड़क किनारे अपनी सुविधा के लिए चबूतरे, पार्किंग और अन्य निर्माण आगे तक बढ़ा रहे हैं, जिससे पीडब्ल्यूडी की भूमि प्रभावित होने की आशंका है।
अब उठ रहे हैं कई अहम सवाल
- क्या संबंधित निर्माण की पीडब्ल्यूडी से अनुमति ली गई है?
- क्या निर्माणाधीन मकान की भूमि की पैमाइश कराई गई है?
- सड़क सुरक्षा संकेतक को किसके आदेश पर हटाया गया?
- क्या पीडब्ल्यूडी विभाग को इन निर्माण कार्यों और कथित अतिक्रमण की जानकारी है?
- यदि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हो रहा है तो अब तक विभागीय कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
जनहित में मांग
लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से मांग है कि खतौली मोड़ सहित बुढ़ाना के मुख्य मार्गों पर सरकारी भूमि की निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए। निर्माण कार्यों की स्वीकृति और नक्शे की जांच हो तथा सड़क सुरक्षा संकेतक को नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर स्थापित कराया जाए। यदि जांच में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
यह मामला किसी व्यक्ति विशेष के विरोध का नहीं, बल्कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा, सड़क व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस शिकायत पर कब संज्ञान लेता है।
