लगातार सामने आ रही शिकायतें, करोड़ों के विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल; आखिर कब होगी निष्पक्ष तकनीकी एवं वित्तीय जांच?
MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा बुढ़ाना में नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। एक बार फिर नगर पंचायत के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ताजा मामला बड़ौत रोड स्थित कांधला मार्ग का है, जहां पुराने बैंक वाली गली के बाहर नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि इस निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। निर्माण में कथित रूप से घटिया सामग्री लगाए जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। अब सवाल यह है कि सरकारी धन से हो रहे इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी आखिर कौन कर रहा है?
जिलाधिकारी को सौंपी गई शिकायतों की फाइल, जांच का इंतजार!
गौरतलब है कि बुढ़ाना नगर पंचायत के विभिन्न निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर पत्रकार रोहित जैन द्वारा लंबे समय से शिकायतें उठाई जा रही हैं। सड़कों, आरसीसी निर्माण, नालियों, निर्माण सामग्री, टेंडर प्रक्रिया, भुगतान और सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर शिकायतें शासन-प्रशासन तक पहुंचाई गई हैं।

17 अक्टूबर 2026 को तहसील बुढ़ाना में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को शिकायतों की फाइल और संबंधित फोटो साक्ष्य भी सौंपे गए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार जिलाधिकारी द्वारा मामले में टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन अब तक जांच की स्पष्ट रिपोर्ट और उस पर हुई कार्रवाई सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है।
इससे पहले भी जनसुनवाई पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज कराई गईं। शिकायतों के निस्तारण और वास्तविक मौके की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
आखिर जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल क्यों नहीं?
- नगर पंचायत के निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता की जांच कौन कर रहा है?
- क्या निर्माण कार्य स्वीकृत एस्टीमेट और तकनीकी मानकों के अनुसार हो रहे हैं?
- नाला निर्माण की तकनीकी जांच और सामग्री की प्रयोगशाला जांच क्यों नहीं कराई जाती?
- जिलाधिकारी को सौंपी गई शिकायतों की फाइल पर जांच की वर्तमान स्थिति क्या है?
- यदि किसी निर्माण में गड़बड़ी नहीं है तो प्रशासन सार्वजनिक रूप से जांच रिपोर्ट सामने क्यों नहीं रखता?
शासन-प्रशासन से पांच प्रमुख मांगें
- कांधला मार्ग पर पुराने बैंक वाली गली के बाहर चल रहे नाला निर्माण की तत्काल निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए।
- निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के नमूने लेकर सरकारी प्रयोगशाला से गुणवत्ता की जांच कराई जाए।
- नगर पंचायत के पूर्व एवं वर्तमान निर्माण कार्यों के एस्टीमेट, एमबी, टेंडर, बिल-वाउचर और भुगतान का तकनीकी एवं वित्तीय ऑडिट कराया जाए।
- जिलाधिकारी को 17 अक्टूबर को सौंपी गई शिकायतों की फाइल पर हुई कार्रवाई और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
- यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
क्या बुढ़ाना नगर पंचायत में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच केवल शिकायत आने के बाद ही होगी?
जनता को विकास चाहिए, लेकिन ऐसा विकास नहीं जिसमें सरकारी धन खर्च होने के बावजूद निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हों। अब समय आ गया है कि शासन और जिला प्रशासन इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराए।
MD NEWS बहुआयामी समाचार लगातार जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाता रहेगा। यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकारी धन की पारदर्शिता, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है।
अब बड़ा सवाल: बुढ़ाना नगर पंचायत के निर्माण कार्यों की जांच कब होगी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?
