
रिपोर्ट अर्सलान अहमद पिरान कलियर हरिद्वार की खास रिपोर्ट
md news बहुआयामी समाचार
पिरान कलियर। अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने रहमतपुर से दरगाह साबिर पाक तक न्याय यात्रा निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। यात्रा में शामिल कांग्रेस नेताओं ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को न्याय और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। दरगाह साबिर पाक में पहुंचकर देश में शांति, उत्तराखंड की खुशहाली और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सफलता के लिए दुआ की गई।न्याय यात्रा का शुभारंभ रहमतपुर रोड स्थित ग्रीन ब्यूटी पैलेस से हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ता यहां से पैदल मार्च करते हुए रहमतपुर से बेडपुर रोड के रास्ते दरगाह हजरत अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक पर पहुंचे। यात्रा के दौरान अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर न्याय की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना आवश्यक है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है। जब तक न्याय नहीं मिलता, अन्याय के विरुद्ध पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने महंगाई और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम जनता लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान है। चीनी के दामों में भारी वृद्धि, किसानों की जमीन बेचे जाने और उत्तराखंड में खनन पट्टे गुजरात के लोगों को दिए जाने को लेकर उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग करने वालों को ईडी के माध्यम से भयभीत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाताओं को भ्रमित करने और वोटों का विभाजन करने की कोशिश हो सकती है। ऐसे में जनता को जागरूक और सतर्क रहना चाहिए।दरगाह साबिर पाक में दुआ करने पहुंचे हरक सिंह रावत ने कहा कि वह पहले भी कई बार कलियर शरीफ दरगाह साबिर पाक में आ चुके हैं। उन्होंने मां गंगा से भी उत्तराखंड में न्याय की प्रार्थना की थी। अब दरगाह में पहुंचकर उन्होंने प्रदेश में न्याय, अमन-चैन और खुशहाली की कामना की।
विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाना कांग्रेस की प्राथमिकता है। इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक कांग्रेस इस मामले को लेकर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।न्याय यात्रा के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग केवल राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी है।
