वाराणसी संवादाता सहायक ब्यूरो सलीम जावेद
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6.4 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी शराब के 32 पाउच बरामद किए हैं।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सिगरा शिवाकान्त मिश्रा की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 2 नवंबर 2026 को रात करीब 11:05 बजे उपनिरीक्षक विकास सिंह, चौकी प्रभारी रोडवेज, हमराह पुलिस बल के साथ पिलर नंबर 61 के पास पुलिस बूथ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मालगोदाम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के झोले से ब्लू लाइम देशी शराब (मसाला) के 32 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 6.4 लीटर पाई गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोनू कुमार पुत्र वासुदेव शाह, निवासी प्रयाग बिगहा गागौली, थाना डेहरी, जनपद रोहतास (बिहार), उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है।
बिहार में शराबबंदी का उठाना चाहता था फायदा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और किसी काम से वाराणसी आया था। उसने बताया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वह यहां से देशी शराब खरीदकर ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाता था और वहां ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था।
इस मामले में थाना सिगरा पर मु0अ0सं0-0457/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में शामिल
- शिवाकान्त मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक थाना सिगरा।
- उपनिरीक्षक विकास सिंह, चौकी प्रभारी रोडवेज।
- उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद, थाना सिगरा।
- कांस्टेबल संतोष कुमार, थाना सिगरा।
- कांस्टेबल नागेन्द्र सिंह, थाना सिगरा।
सभी पुलिसकर्मी कमिश्नरेट वाराणसी के थाना सिगरा से संबंधित हैं।
