रिपोर्ट – अनुज कुमार, एमडी न्यूज़
MD News बहुआयामी समाचार

प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र में भरत मिलाप का मेला देखकर लौट रहे 23 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक ऋतिक दुबे (23) पुत्र संतोष दुबे भदोही जिले के गोपीगंज बाजार थाना क्षेत्र का निवासी था। वह हंडिया में आयोजित भरत मिलाप का मेला देखने आया था। देर रात मेला देखने के बाद वह प्रयागराज जिले के उतरांव थाना क्षेत्र के मर्दापुर जलालपुर स्थित अपनी बहन के घर जाने के लिए निकला था।
बताया जाता है कि वह नेशनल हाईवे से होकर जा रहा था। इसी दौरान हंडिया टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर पहले फ्लाईओवर के पास ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया जाता है कि ऋतिक के पिता संतोष दुबे ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहीं ऋतिक भी गोपीगंज बाजार में एक दुकान चलाता था और परिवार की जिम्मेदारियों में अपने पिता का हाथ बंटाता था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था।
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों का करुण क्रंदन सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। हंसते-खेलते परिवार की खुशियां एक सड़क हादसे ने छीन लीं।

1 view

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *