
एम डी न्यूज
रिपोर्ट तनवीर अहमद हरगाँव ब्लाक
एक माह तक चलेंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, रामलीला-रासलीला और अखिल भारतीय कुश्ती दंगल होंगे मुख्य आकर्षण
हरगांव/सीतापुर। हरगांव के ऐतिहासिक सूर्यकुंड तीर्थ स्थल पर कार्तिक मेले को लेकर उत्साह का माहौल बनने लगा है। आगामी 23 नवंबर से शुरू होने वाले इस महोत्सव में श्रद्धा, भक्ति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले का शुभारंभ देव दीपावली के अवसर पर भव्य दीपदान, महाआरती और आकर्षक आतिशबाजी के साथ किया जाएगा। इस दौरान सूर्यकुंड परिसर में 21 हजार दीप जलाए जाएंगे, जिनकी रोशनी से पूरा तीर्थ स्थल आलोकित होगा।
करीब एक माह तक चलने वाले इस मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ मनोरंजन की भी भरपूर व्यवस्था रहेगी। मेले में विभिन्न स्थानों से व्यापारी पहुंचकर अपनी दुकानें लगाएंगे। बच्चों और युवाओं के लिए बड़े-बड़े झूले तथा मौत का कुआं आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही 11 दिवसीय रामलीला और रासलीला का आयोजन किया जाएगा। वहीं, दस दिवसीय अखिल भारतीय कुश्ती दंगल में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मेले के दौरान कई अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष गफ्फार खान एवं अधिशासी अधिकारी श्रीश मिश्रा ने बताया कि कार्तिक मेले को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां लगातार की जा रही हैं। सूर्यकुंड परिसर की साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी पुलिस चौकी, स्वास्थ्य शिविर तथा अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था भी की जाएगी।
मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने की बैठक
आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मेले की व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा हुई। सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर जोर दिया गया।
बैठक में मेला अधिकारी/मजिस्ट्रेट फूलचन्द्र यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष गफ्फार खान, अधिशासी अधिकारी श्रीश मिश्रा, वन दरोगा ओमप्रकाश, विद्युत विभाग के एसडीओ बालकृष्ण तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नितेश वर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण त्रिपाठी, अग्निशमन विभाग प्रभारी रामबाबू, पंडित चंद्रशेखर मिश्र, सभासद ऋषभ गुप्ता सहित अन्य सभासद एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
