M d न्यूज .तनवीर अहमद हरगाँव ब्लाक से
हरगांव थाने में व्यापारियों के साथ बैठक, दुकानों पर सीसीटीवी लगाने और अतिक्रमण हटाकर यातायात सुचारु रखने की अपील
दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरगांव पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, यातायात व्यवस्था और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हरगांव थाना परिसर में व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण तिवारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और उनकी समस्याएं भी सुनी गईं।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक ने व्यापारियों से सीतापुर-लखीमपुर एवं लहरपुर-पिपरझला मार्ग पर दुकानों के सामने अतिक्रमण न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुकानें सड़क से कम से कम तीन फीट पीछे लगाई जाएं, ताकि ग्राहक अपने वाहनों को सफेद पट्टी के अंदर खड़ा कर सकें और आवागमन बाधित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ व्यापारियों की भी जिम्मेदारी है।
प्रभारी निरीक्षक ने व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सोने-चांदी के कारोबारियों को आश्वस्त किया कि वे भयमुक्त होकर अपना व्यवसाय करें। बैंक में नकदी जमा करने जाते समय सुरक्षा की आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता ले सकते हैं। किसी भी आपात स्थिति या समस्या में सीयूजी नंबर के माध्यम से पुलिस से संपर्क किया जा सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए प्रभारी निरीक्षक ने सभी व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा खराब पड़े कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू हालत में रहने चाहिए और उनकी गुणवत्ता ऐसी हो कि प्रतिष्ठानों के सामने से गुजरने वाले लोगों की पहचान स्पष्ट रूप से हो सके। चेकिंग के दौरान कैमरे बंद पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में क्राइम इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार, कस्बा चौकी प्रभारी ऋषभ यादव, व्यापार मंडल के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं महामंत्री चंद्रमोहन तिवारी, कोषाध्यक्ष पंकज खन्ना सहित सुनील गुप्त, अजीत गुप्त, ऋषि रस्तोगी, वसी खां, विकास वैश्य, अनिल सिंह, देवेंद्र चावला, नितेश सेठ, रवि रस्तोगी, अंकुर गुप्त, श्रवण कटियार, गोलू सिंह, गिन्नी सिंह और सोनू सिंह समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

